हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में भर्ती होंगे 64 दंत चिकित्सक, मुख्यमंत्री ने दी मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 15 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश में चिकित्सकों की किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। राज्य में बहुत जल्द 64 दंत चिकित्सकों की भर्ती की जाएगी, जिसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस भर्ती से प्रदेश में दंत चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा तथा आम नागरिकों को बेहतर और समय पर उपचार उपलब्ध होगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने गुरुवार को चंडीगढ़ में कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों, दंत चिकित्सकों तथा सहायक स्टाफ की नियुक्ति के साथ-साथ आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और नवीनतम मशीनों की स्थापना की जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि मुख्यमंत्री ने हिसार के आजाद नगर में 50 बेड का अस्पताल /पॉलिक्लिनिक के निर्माण को भी स्वीकृति दे दी है। उन्होंने बताया कि जहां भी आवश्यकता होगी, वहां पर नए स्वास्थ्य संस्थान निर्मित किये जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story