कैथल: हरियाणवी संस्कृति के रंगों से सजा राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: हरियाणवी संस्कृति के रंगों से सजा राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव


कैथल, 17 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से आर्यन इंटरनेशनल स्कूल कैथल में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का मंगलवार को धूमधाम से शुभारंभ हुआ। जिला परिषद के सीईओ गुलजार मलिक ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उत्सव के पहले दिन प्रदेशभर से पहुंचे 491 विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर हरियाणवी लोक कला और संस्कृति के रंग बिखेरे।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी छत्रपाल ने बताया कि उत्सव के पहले दिन कक्षा पांचवीं से आठवीं तक के कुल 491 विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में भाग लिया। इनमें समूह नृत्य में 237, एकल नृत्य में 56, रागनी में 24 और अभिनय प्रतियोगिता में 174 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि गुलजार मलिक ने कहा कि सांस्कृतिक उत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखारने और प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति को संरक्षित रखने का सशक्त मंच भी हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना भी है। नृत्य, संगीत, रागनी, कविता, भाषण और अभिनय जैसी गतिविधियों से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी झिझक दूर होती है।

इससे पहले जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार, जिला परियोजना समन्वयक राजेंद्र आजाद, उप जिला शिक्षा अधिकारी जय भगवान और कार्यक्रम के नोडल अधिकारी छत्रपाल ने मुख्य अतिथि गुलजार मलिक सहित अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने कला गैलरी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई हरियाणवी संस्कृति पर आधारित कलाकृतियों की सराहना की।

जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार ने कहा कि सांस्कृतिक उत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करता है। इससे बच्चों का संकोच दूर होता है और उनमें आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। इस अवसर पर बीईओ बिमला देवी, डीएमएस छत्रपाल, सुरेश कुमार, सुरेंद्र हुड्डा, राकेश कुमार, दादरी की डीएमएस मीनाक्षी डागर, मंच संचालक भूपेंद्र सिंह, प्रवीण, संदीप, मीडिया समन्वयक दलीप सिंह, पंचकूला कल्चर समन्वयक दीपा, सतीश साहू, संजय कुमार, डॉ. सरिता, सुमेंदर सिंह, रोशन लाल और निशांत सिंह सहित विभिन्न जिलों से आए अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778673 Articles

Share this story