हरियाणा में कंप्यूटर लैब सहायकों को मिलेगी जॉब सिक्योरिटी

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 14 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा में लंबे समय से संघर्ष कर रहे 2100 से अधिक कंप्यूटर लैब सहायकों को अब नौकरी की सुरक्षा मिलने जा रही है। राज्य सरकार ने बुधवार को इस संबंध में स्वीकृति प्रदान कर दी है। अब प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्य करने वाले कंप्यूटर लैब सहायकों का डाटा सर्विस सिक्योरिटी एक्ट पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।हरियाणा सरकार द्वारा हाल ही में एचकेआरएन के माध्यम से काम करने वाले कर्मचारियों को जॉब सुरक्षा प्रदान करने का फैसला किया गया है। इसके लिए सरकार की तरफ से बकायदा एक पोर्टल शुरू किया गया है। कंप्यूटर लैब सहायक वेलफेयर एसोसिएशन के राज्य प्रधान परमजीत संधू, महासचिव मनोज अग्रवाल,प्रदेश कोषाध्यक्ष जसबीर जानी ने बताया कि कंप्यूटर लैब अटेंडेंट हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पिछले चौदह वर्षों से अधिक से कार्य कर रहे हैं,जिनका वेतन मात्र 12000 रुपये है। एसोसिएशन की टीम लगातार प्रयास कर रही थी कि कंप्यूटर लैब अटेंडेंट को सर्विस सिक्योरिटी एक्ट के नियमानुसार सीधा एक्ट में कवर करते हुए जॉब सिक्योरिटी प्रदान की जाए। आज विद्यालय शिक्षा निदेशालय की तरफ से प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अब सभी कंप्यूटर लैब अटेंडेंट का हरियाणा सर्विस सिक्योरिटी एक्ट पोर्टल पर डाटा अपलोड होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story