सनातन परंपरा और सेवा का अद्भुत संगम है गौ सेवा : नायब सैनी

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 09 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के पटियाला जिले के समाना में आयोजित गौ कथा एवं गौ सेवा कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने कहा कि समाना की पावन धरती पर आयोजित यह कार्यक्रम भारत की महान आध्यात्मिक और सनातन परंपरा का भव्य साक्षी है। श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित यह आयोजन आस्था, सेवा परंपरा और साझा सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम है।

कार्यक्रम के दौरान गौ सेवा समिति, एडवोकेट एसोसिएशन समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले हरियाणा में करीब 200 गौशालाएं थीं और उनका वार्षिक बजट केवल 2 करोड़ रुपये था। वर्तमान सरकार की प्राथमिकताओं के चलते प्रदेश में अब गौशालाओं की संख्या बढ़कर 650 हो गई है, जबकि इनका बजट बढ़ाकर 600 करोड़ रुपये कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की गौशालाओं में 4 लाख से अधिक बेसहारा गोवंश का श्रद्धा और सम्मान के साथ पालन-पोषण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गोवंश की बेहतर देखभाल और उन्हें मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से बचाने के लिए प्रदेश की 350 गौशालाओं में बड़े शेड और सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा नई गौशालाओं की स्थापना को प्रोत्साहित करने के लिए जमीन की रजिस्ट्री पर लगने वाली 1 प्रतिशत स्टाम्प ड्यूटी को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।

सीएम सैनी ने युवाओं के भविष्य को लेकर कहा कि हरियाणा सरकार नशे की सामाजिक बुराई के खिलाफ व्यापक अभियान चला रही है। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या के कारण युवा प्रभावित हो रहे हैं, जबकि हरियाणा में युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए 2,000 खेल नर्सरियां स्थापित की गई हैं। उनके अनुसार, इन खेल नर्सरियों में प्रतिदिन करीब 40 लाख युवा अभ्यास करते हैं।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा की खेल नीति की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने कुल 39 पदक जीते, जिनमें 13 स्वर्ण पदक शामिल रहे। इनमें अकेले हरियाणा के खिलाड़ियों ने 7 स्वर्ण पदक हासिल किए।

उन्होंने कहा कि यह हरियाणा के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा जीते गए 7 स्वर्ण पदकों में से 5 पदक बेटियों ने हासिल किए। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियां खेलों के क्षेत्र में देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story