कर्मचारियों की कार्यप्रणाली एवं दक्षता में किया जाएगा सुधार : मुख्य सचिव

कर्मचारियों की कार्यप्रणाली एवं दक्षता में किया जाएगा सुधार : मुख्य सचिव
WhatsApp Channel Join Now
कर्मचारियों की कार्यप्रणाली एवं दक्षता में किया जाएगा सुधार : मुख्य सचिव


चंडीगढ़, 02 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने कहा कि कर्मचारियों की कार्यप्रणाली एवं दक्षता में सुधार किया जाएगा ताकि सरकारी कार्य तत्परता के साथ पूरे किया जा सकें। उन्होंने कार्यालयों में पूर्णरूप से सफाई व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

मुख्य सचिव मंगलवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में औचक निरीक्षण कर कर्मचारियों की वर्किंग के बारे में जानकारी ले रहे थे। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने कार्यालयों में पूर्णरूप से स्वच्छता बनाए रखें। यदि उन्हें किसी प्रकार के इन्फ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता है तो उस बारे तुरंत अपने उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाएं ताकि उसकी उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

मुख्य सचिव ने सचिवालय में कर्मचारियों की कार्य प्रणाली के बारे में गहनता से जाना और इसमें सुधार करने के लिए अपने सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी कार्यालय में समय पर आएं और कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें तथा अपने कार्य को पूर्ण जिम्मेवारी और दायित्व के साथ निभाएं। यदि कर्मचारी अपने कार्य में किसी प्रकार की कोताही बरतेंगे तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से कार्यप्रणाली में सुधार करने के लिए सुझाव भी मांगे।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में कर्मचारियों को नैतिकता एवं सिद्धांत के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित एवं जागरूक करने को लेकर कर्मयोगी कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसमें लगभग 3 लाख से अधिक कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाना है।

मुख्य सचिव ने राजनीतिक एवं संसदीय कार्य शाखा, कैबिनेट शाखा, मानव संसाधन शाखा, सेवाएं शाखा, प्रशिक्षण शाखा, मुख्यमंत्री सचिवालय शाखा सहित अन्य शाखाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विशेष सचिव पर्सनल प्रभजोत सिंह, विशेष सचिव मानव संसाधन आदित्य दहिया, संयुक्त सचिव गृह राधिका सिंह, डीएसीएस अनिल भारद्वाज सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/पवन

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story