सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं कार्यकर्ता: मनोहर लाल



- भाजपा ने शक्ति केंद्र संगम में वर्ष 2024 चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में भरा जोश

- राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सह संगठन मंत्री व प्रभारी ने कार्यकर्ताओं का किया उत्साहवर्धन

चंडीगढ़, 19 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वह सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं। मुख्यमंत्री रविवार को पानीपत जिले के पट्टी कल्याण स्थित सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र में शक्ति केंद्र संगम में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

शक्ति केंद्र प्रमुखों के इस संगम में 6 लोकसभा, 14 जिलों, 181 मंडलों के 2715 शक्ति केंद्र प्रमुख एवं अन्य आमंत्रित कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने बताया कि संगम में तय किया गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 99वां एपीसोड 26 मार्च को 7800 स्थानों पर सुना जाएगा। 100वां एपीसोड 30 अप्रैल को 19786 बूथों पर सुनने का कार्यक्रम है। मन की बात सुनने के बाद एक घंटा लाभार्थियों से संपर्क किया जाएगा तथा उनसे फीडबैक लिए जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि मन की बात का पूरा कार्यक्रम का डाटा अपलोड भी किया जाएगा। 6 अप्रैल 4 लाख पन्ना प्रमुखों सहित लगभग पांच कार्यकर्ताओं के घर पर पार्टी का झंडा लहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र संगम में उपस्थित लगभग 3 हजार कार्यकर्ताओं को झंडे देकर भेजा जायेगा।

संगम की शुरुआत में माइक मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संभाला और उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों की चुनौतियों के लिए तैयार होने के लिए कहा। उन्होंने सरकार की तमाम योजनाएं गिनाते हुए कहा कि सरकार की एक-एक योजनाएं और किए गए काम जो जनता के बीच कार्यकर्ताओं को लेकर जाना चाहिए। यहां उन्होंने विपक्षी पार्टियों को भी निशाने पर लिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज गरीब परिवारों के 70 प्रतिशत बच्चों को सरकारी नौकरी मिल रही है। क्योंकि सरकार ने उन्हें 5 प्रतिशत ग्रेस दिया। हमारी सरकार अंत्योदय की भावना से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने ई-टेंडरिंग को लेकर भी बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि ई-टेंडरिंग से पारदर्शिता से काम होंगे और इसका सीधा फायदा जनता को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि हमने 12 लाख नए लोगों के कार्ड बनाए जिसका फायदा उनको मिल रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश ने बूथ सशक्तिकरण पर अपना फोकस रखा। उन्होंने कहा कि हमारा बूथ मजबूत होगा तो हमें कोई चुनाव में हरा नहीं सकता। उन्होंने कहा कि पांच साल का समय किसी भी सरकार के लिए काफी होता है। इस समय में काफी योजनाओं को पूरा किया जा सकता है।

हरियाणा प्रदेश प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब कुमार ने कहा कि कांग्रेस की इतनी दुर्गति होगी यह कभी हमने सोचा भी नहीं था। आज कांग्रेस खुद में सिमट कर रह गई है। परिवार से बाहर नहीं निकाल पा रही है।

आज की इस कार्यशाला में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉ. सुधा यादव, कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, कंवरपाल गुर्जर, बनवारी लाल, सांसद संजय भाटिया, कृष्णलाल पंवार, रमेश कौशिक, पूर्व सांसद रतन लाल कटारिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, संगठन मंत्री रविन्द्र राजू, प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बडौली, वेदपाल एडवोकेट, पवन सैनी सहित अनेक नेता भी मंच भी रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story