हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक तीन नवंबर को
-मुख्य सचिव ने जारी की बैठक की अधिसूचना
चंडीगढ़, 31 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने 3 नवंबर को मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। गृहमंत्री अमित शाह के हरियाणा दौरे से पहले होने वाली यह बैठक कई मामलों में अहम मानी जा रही है। हरियाणा सिविल सचिवालय की चौथी मंजिल पर मुख्यमंत्री नायब सिंह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में पूरी कैबिनेट और सीनियर अधिकारी मौजूद रहेंगे। इसको लेकर शनिवार को आधाकारिक पत्र जारी कर दिया गया है। बैठक का एजेंडा अभी जारी होना है।मंत्रिमंडल की बैठक में निवेश को लेकर कोई प्रस्ताव आ सकता है या फिर इस विषय पर चर्चा संभव है क्योंकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इसी सप्ताह गुजरात के दो दिवसीय दौरे से लौटे हैं। इस दौरान जो एमओयू साइन हुआ है इसमें 25 हजार करोड़ के निवेश के प्रस्ताव शामिल हैं। इसके अलावा एग्रीकल्चर और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में 1400 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्ताव शामिल है। साथ ही सेमिकंडक्टर क्षेत्र में 2900 करोड़ के निवेश प्रस्ताव भी शामिल हुए हैं। इससे पहले सीएम के गुजरात दौरे के पहले दिन वहां निवेशकों के साथ 12000 करोड़ के एमओयू साइन किए गए थे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 5 नवंबर को हरियाणा आ रहे हैं। इस दौरान करनाल में पार्टी की प्रजातंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा में शामिल होंगे और इसके बाद अंबाला में अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। माना जा रहा कि कैबिनेट में उनके दौरे संबंधी पहलुओं पर भी चर्चा होगी। उनके दौरे के लिहाज से भी कैबिनेट की बैठक को अहम माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

