हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र गुरुवार से
चंडीगढ़, 26 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र गुरुवार से शुरू होगा। सत्र में आज की कार्यवाही के बाद तीन दिन का अवकाश रहेगा। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शोक प्रस्तावों के साथ होगी। इसके बाद सदन में प्रश्नकाल का आयोजन किया जाएगा।
विधानसभा सत्र के आयोजन को लेकर बुधवार को हुई बिजनेस सलाहकार सिमिति की बैठक में फैसला लिया गया कि यह सत्र एक सितंबर तक चलेगा। आज के बाद सदन की कार्यवाही 31 अगस्त को दोबारा शुरू होगी और एक सितंबर को विधायी कार्यों के बाद सदन की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया जाएगा।
आज से शुरू होने वाला सत्र भले ही छोटा हो लेकिन यह हंगामादार होगा।
विपक्षी दल कांग्रेस हरियाणा कौशल रोजगार निगम के मुद्दे पर पहले से ही सरकार को घेर रहा है। कांग्रेस इस सत्र के दौरान सरकार को कानून-व्यवस्था, एचकेआरएन, प्रदेश में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तथा कर्मचारी संगठनों की लंबित मांगों पर घेरते हुए जवाब मांगेगी।
कॉमनवेल्थ खेलों का आयोजन गुजरात में किए जाने को लेकर अभी तक कांग्रेस के सांसद मुद्दा उठाते आए हैं लेकिन इस सत्र के दौरान कांग्रेस के विधायक भी कॉमनवेल्थ खेलों के लिए हरियाणा को को-ऑर्गेनाइजर स्टेट बनाने की मांग उठाएंगे।
कांग्रेस के अलावा विपक्षी दल इनेलो ने भी आज से शुरू होने वाले सत्र के लिए होमवर्क पूरा कर लिया है। सदन में इनेलो विधायक दल के नेता अदित्य देवीलाल की तरफ से पूछे गए 5 तारांकित और 2 अतारांकित प्रश्न लगाए जाएंगे। विधायक अर्जुन चौटाला की तरफ से 9 तारांकित और एक अतारांकित प्रश्न लगाया गया है।
इनेलो विधायकों ने इस सत्र के लिए कुल 10 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिए हैं।
विधायक अदित्य देवीलाल की तरफ से दिए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव- 550 करोड़ से अधिक का आईडीएफसी बैंक घोटाला, कौशल रोजगार निगम में की जा रही अनियमितताएं, प्रदेश में लगातार घट रहे भू-जल स्तर, प्रदेश में कैंसर के लगातार बढ़ रहे मरीज, प्रॉपर्टी टैक्स को कलेक्टर रेट पर चार्ज करने, एवैक्यू प्रॉपर्टी कानून, बिगड़ती कानून व्यवस्था बारे।
विधायक अर्जुन चौटाला की तरफ से प्रदेश में लगातार बढ़ रहे नशे, सरकारी स्कूलों में हजारों की संख्या में खाली पड़े शिक्षकों के पद और एक लाख से अधिक बच्चों द्वारा स्कूल छोड़ देने बारे। साथ ही विधायक अदित्य देवीलाल की तरफ से मुख्यमंत्री समेत कृषि मंत्री, शिक्षा मंत्री और जनस्वास्थ्य मंत्री से उनके विभागों से संबंधित 5 तारांकित एवं 2 अतारांकित प्रश्न भी पूछे गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

