हरियाणा में अग्निवीरों के पहले बैच काे नाैकरी की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 26 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने अग्निवीरों को दूसरे विभागों में भर्ती करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्य सरकार की तरफ से पूर्व सैनिकों के लिए सीधी भर्ती कोटे में आरक्षित पदों की उपलब्धता का ब्योरा जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरकार ने हरियाणा के मूल निवासी पूर्व सैनिकों को क्षैतिज आरक्षण का लाभ देने का निर्णय लिया था।

केंद्र सरकार ने 16 जून, 2022 को युवाओं के लिए अग्निपथ योजना का ऐलान किया था। हरियाणा से अब तक कुल 7,228 अग्निवीर भर्ती हुए हैं। इसमें वर्ष 2022-23 में 2227, 2023-24 में 2893,

2024-25 में 2108 भर्ती हुए हैं। देश में पहला बैच जुलाई, 2026 में चार साल की सेवा पूरी करके सेना से बाहर होना शुरू हुआ है।

हरियाणा के पहले बैच से लौटने वाले युवाओं की संख्या करीब 1,373 है। अग्निपथ व्यवस्था में प्रत्येक बैच के अधिकतम 25 प्रतिशत युवाओं को नियमित कैडर में बनाए रखने का प्रावधान है, बाकी युवाओं को चार साल बाद सेवा से मुक्त किया जाता है। सामान्य प्रशासन विभाग के मानव संसाधन-2 शाखा ने सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों तथा बोर्ड-निगमों के प्रबंध निदेशकों/मुख्य प्रशासकों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।

सरकार की ओर से कहा गया है कि जिन पदों पर पूर्व सैनिकों की भर्ती हरियाणा लोक सेवा आयोग और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से की जानी है, उन पदों की उपलब्धता का ब्योरा जुटाया जाए।

सभी विभागों और बोर्ड-निगमों से पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित पदों की जानकारी निर्धारित प्रोफार्मा में मांगी गई है। इसमें पद का नाम, आरक्षण प्रतिशत, पूर्व सैनिकों के लिए संभावित रिक्तियों की संख्या और श्रेणीवार रिक्तियों का विवरण शामिल होगा।

श्रेणीवार जानकारी में यूआर, ओएससी, डीएससी, बीसी-ए, बीसी-बी और ईडब्ल्यूएस के तहत पूर्व सैनिकों के लिए चिह्नित रिक्तियां बतानी होंगी।

इसके अलावा पूर्व सैनिकों की भर्ती माहवार कब की जानी प्रस्तावित है, इसकी जानकारी भी देनी होगी। सभी विभागों से रिपोर्ट के बाद अगले सप्ताह सरकार द्वारा इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story