रूस के वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल में भारत की आवाज बनेंगे पलवल के हरीश पेलक

WhatsApp Channel Join Now
रूस के वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल में भारत की आवाज बनेंगे पलवल के हरीश पेलक


पलवल, 08 सितंबर (हि.स.)। रूस में आयोजित होने वाले वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल-2026 में पलवल के युवा समाजसेवी, साहित्यप्रेमी एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के फर्स्ट एंड लेक्चरर हरीश पेलक भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार 11 से 22 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में 191 देशों के युवा उद्यमिता, शिक्षा, विज्ञान, मीडिया, कला, डिजिटलाइजेशन और सूचना प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में भाग लेंगे।

हरीश पेलक इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्ष 2016 में उन्होंने भूटान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय युवा नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर, 2018 में चीन में अंतरराष्ट्रीय युवा विनिमय कार्यक्रम तथा वर्ष 2025 में रूस में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

शैक्षणिक क्षेत्र में भी हरीश पेलक की उपलब्धियां उल्लेखनीय हैं। उन्होंने एमएससी कंप्यूटर साइंस, एमए राजनीति विज्ञान, एमएसडब्ल्यू सामाजिक कार्य तथा एमए पत्रकारिता एवं जनसंचार की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वह हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रहे हैं। साहित्य के प्रति भी उनकी विशेष रुचि है।

हरीश पेलक को वर्ष 2017 में राष्ट्रपति द्वारा एनएसएस राष्ट्रीय पुरस्कार तथा वर्ष 2019 में हरियाणा सरकार के राज्य युवा पुरस्कार में प्रथम स्थान से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2022 में उन्होंने संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में राष्ट्रीय एकता दिवस के विषय पर अपना वक्तव्य भी दिया था।

वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल-2026 के लिए उनके चयन से पलवल और हरियाणा में खुशी का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story