नूंह के नलेश्वर महादेव मंदिर में शिवभक्तों की भीड़,जलाभिषेक से पूरी हुई कांवड़ यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
नूंह के नलेश्वर महादेव मंदिर में शिवभक्तों की भीड़,जलाभिषेक से पूरी हुई कांवड़ यात्रा


नूंह, 11 अगस्त (हि.स.)। अरावली पर्वतमाला की तलहटी में स्थित पांडवकालीन प्राचीन नलेश्वर महादेव शिव मंदिर में मंगलवार को सावन मास की शिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हरिद्वार सहित विभिन्न तीर्थ स्थलों से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर कांवड़ अर्पित की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा।

सावन शिवरात्रि के अवसर पर सुबह मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन कर जल, बेलपत्र और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। इसके बाद दूर-दराज क्षेत्रों से कांवड़ लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं ने नलेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया और अपनी कांवड़ भगवान शिव को समर्पित की।

सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। कांवड़ियों के जत्थे जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचे। जलाभिषेक और कांवड़ चढ़ाने के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार में सुख-शांति और क्षेत्र में खुशहाली की प्रार्थना की।

नलेश्वर महादेव मंदिर को क्षेत्र के प्राचीन एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों में माना जाता है। सावन मास में यहां दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। शिवरात्रि पर कांवड़ चढ़ाने की परंपरा के चलते मंदिर में विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story