हांसी जिला प्रशासन में 139 नए पदों सृजित

WhatsApp Channel Join Now


चंडीगढ़, 30 अप्रैल (हि.स.)। नवगठित हांसी जिले को प्रशासनिक मजबूती देने की दिशा में हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार हांसी में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के लिए 139 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। यह निर्णय जिले के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने और कामकाज में तेजी लाने के उद्देश्य से लिया गया है।

सरकार द्वारा जारी पत्र के मुताबिक, इन पदों में राजस्व विभाग के विभिन्न स्तरों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। इनमें डीआरओ, नायब तहसीलदार, असिस्टेंट, स्टेनोग्राफर, क्लर्क, पटवारी, ड्राइवर, चपरासी सहित अन्य श्रेणियों के पद शामिल हैं। सबसे अधिक 62 पद क्लर्क के सृजित किए गए हैं, जबकि 29 पद चपरासी के हैं। इसके अलावा 14 असिस्टेंट, 3 पटवारी, 3 ड्राइवर, 3 स्टेनो टाइपिस्ट और अन्य तकनीकी व सहायक स्टाफ के पद भी मंजूर किए गए हैं।

सरकार के इस फैसले से न केवल प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। नए जिले के रूप में हांसी में कार्यालयीन व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है।

पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि डीसी, एडीसी और सीटीएम के पद पहले ही सृजित किए जा चुके हैं, जिससे अब पूरे प्रशासनिक ढांचे को व्यवस्थित करने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो रही है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story