बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने हांसी-बरवाला रोड किया जाम
42 साल पुरानी लाइन
बदलने व अधूरे पड़े खंभों का काम पूरा करने की मांग
हांसी, 16 मई (हि.स.)।
बरवाला रोड स्थित चैनत गांव में लगातार बिजली कटौती और खराब आपूर्ति व्यवस्था से परेशान
ग्रामीणों ने शुक्रवार रात को हांसी-बरवाला रोड जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों
ने प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग उठाई।
कई घंटों तक सड़क जाम रहने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार
पिछले करीब एक महीने से गांव की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। गांव निवासी
अनूप सिंह ने बताया कि पिछले तीन दिनों से लगातार बिजली कटौती हो रही थी, जिससे लोगों
का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। भीषण गर्मी के बीच लंबे कटों से ग्रामीणों में भारी
रोष है।
ग्रामीणों का कहना
है कि गांव को बिजली आपूर्ति देने वाली लाइन करीब 42 साल पुरानी हो चुकी है। उनका आरोप
है कि बिजली विभाग न तो पुरानी लाइन की उचित मरम्मत करवा रहा है और न ही नई लाइन बिछाने
का काम शुरू किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगभग 150 नए बिजली खंभे लगाए
गए थे, लेकिन उनका कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जिसके कारण समस्या और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने बताया
कि बिजली संकट को लेकर कुछ दिन पहले उन्होंने विनोद भयाना से मुलाकात कर समस्या से
अवगत कराया था। उस दौरान अधिकारियों ने एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन
अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे
सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली समस्या
का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

