गुरुग्राम: आने वाला समय नई तकनीक, इनोवेशन एवं नई सोच का: नायब सिंह सैनी
-युवा उद्यमिता को नई दिशा देने के लिए हरियाणा सरकार प्रतिबद्ध
-युवा उद्यमी चौपाल में जेन-जेड युवाओं और युवा उद्यमियों से मुख्यमंत्री ने किया संवाद
गुरुग्राम, 21 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की युवा शक्ति प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। सरकार युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और इनोवेटिव सोच को प्रदेश के आर्थिक विकास से जोडऩे के लिए निरंतर काम कर रही है। यह बात उन्होंने शुक्रवार को गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित जेन-एच स्टार्टअप समिट युवा उद्यमी चौपाल में जेन-जेड युवाओं और युवा उद्यमियों से सीधे संवाद कार्यक्रम में कही।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आने वाला समय नई तकनीक, इनोवेशन और नई सोच का है। आज का युवा केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि स्वयं का उद्यम स्थापित कर रोजगार देने वाला बनना चाहता है। हरियाणा सरकार का प्रयास है कि युवाओं के सपनों और उनके नए आइडिया को सही मार्गदर्शन, तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण तथा वित्तीय सहयोग उपलब्ध करवाकर उन्हें धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसी औपचारिक मंच से भाषण देना नहीं, बल्कि युवाओं के बीच बैठकर उनके विचार सुनना, उनकी चुनौतियों को समझना और उनके सवालों का सीधे जवाब देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाला समय नई टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और नई सोच का है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बदलती तकनीक के साथ स्वयं को अपडेट रखें और अपने विचारों को केवल विचार तक सीमित न रखते हुए उन्हें स्टार्टअप और सफल उद्यम में बदलने का प्रयास करें।
आइडिया से इंटरप्राइज और इंटरप्राइज से एम्प्लॉयमेंट तक का सफर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल इस बात की है कि उनके विचारों को सही दिशा, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन मिलें। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ऐसा मजबूत उद्यमिता इकोसिस्टम तैयार कर रही है, जहां युवा अपने आइडिया को बिजनेस में बदलने के लिए आवश्यक जानकारी और सहयोग प्राप्त कर सकें। युवा उद्यमियों को हरसंभव सहयोग देगी सरकार
नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाएंगी।
स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को फंडिंग, तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण, मेंटरशिप और बाजार की आवश्यकताओं के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस समय प्रदेश में 12500 स्टार्टअप है। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक स्टार्टअप अपना एक और नया स्टार्टअप खड़ा करें ताकि प्रदेश में 25000 से ज्यादा स्टार्टअप का नेटवर्क खड़ा हो सके। यात्रा के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई कोचिंग संस्थानों और अन्य शिक्षण संस्थानों तक पहुंच बनाई जाएगी। इस मौके पर उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के ओएसडी राज नेहरु, वीरेंद्र बडख़ालसा, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजय कौशिक भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

