गुरुग्राम: कर्ज से परेशान युवक जहरीला पदार्थ निगल खुद ही अस्पताल पहुंचा

WhatsApp Channel Join Now

-ढाई घंटे उपचाराधीन रहने के बाद हुई मौत

गुरुग्राम, 18 नवंबर (हि.स.)। सेक्टर-9 थाना क्षेत्र में कर्ज से परेशान 28 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीरावस्था में वह खुद ही निजी अस्पताल में पहुंचा। शरीर में जहर फैल जाने के कारण करीब ढाई घंटे बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के जट्टारी गांव का रहने वाला विजयदीप यहां परिवार के साथ बसई में रहता था। विजयदीप ने मंगलवार दोपहर करीब दो बजे बसई से धनकोट फ्लाईओवर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। जब जहर ने अपना असर दिखाना शुरू किया तो वह परेशान हो गया और खुद ही एक निजी अस्पताल में पहुंचा। वहां डॉक्टर्स ने उसका उपचाार शुरू किया। उपचाराधीन रहने के करीब ढाई घंटे बाद उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विजयदीप शादीशुदा था और उसका तीन साल का एक बेटा भी है। वह एक लैब में निजी नौकरी करता था। उसके जीजा ललित कुमार ने पुलिस को बताया कि विजयदीप कर्ज को लेकर काफी समय से परेशान रहता था। परिवार पहले भी उसका कर्ज चुका चुका था, लेकिन इसके बावजूद वह आर्थिक परेशानी से तनाव में था। सेक्टर-9 थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई हरीश के मुताबिक, पुलिस युवक के परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779044 Articles

Share this story