गुरुग्राम: छत से युवक के सिर पर गिरा पत्थर, अस्पताल ले जाते समय मौत

WhatsApp Channel Join Now

-दिवाली की खुशी की रात मातम में बदली

गुरुग्राम, 09 नवंबर (हि.स.)। यहां मनोहर नगर में दिवाली की रात सिर पर पत्थर गिरने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ त्योहार मनाने आया था और छत पर एक कॉल सुनने गया था। इसी दौरान एक पत्थर उसके सिर पर लगा और वह वहीं गिर गया। दोस्त उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया

मूल रूप से बिहार का रहने वाला मिथुन अर्जुन नगर में रहता था और प्लंबर का काम करता था। रात करीब 11 बजे उसके मोबाइल पर कॉल आई। इसके बाद वह दोस्तों के साथ बैठना छोडक़र छत पर फोन सुनने चला गया। इसी दौरान पास की दूसरी छत से एक भारी पत्थर उसके सिर पर गिरा। मिथुन घायल होकर वहीं गिर पड़ा। उसे स्थानीय सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर न्यू कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मीडिया से बात नहीं की। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पत्थर फेंकने वाले अज्ञात व्यक्ति की तलाश में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774470 Articles

Share this story