गुरुग्राम में झारखंड के युवक की हत्या, झाडिय़ों में मिला शव
गुरुग्राम, 14 जुलाई (हि.स.)। गोल्फ कोर्स रोड के नजदीक मंगलवार सुबह झाडिय़ों में एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक की सिर पर पत्थर से वार कर हत्या किए जाने की आशंका है।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब छह बजे राहगीरों ने झाडिय़ों में शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। मृतक की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान झारखंड निवासी बंदी औरान के रूप में हुई, जो गुरुग्राम में मजदूरी करता था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। उसके भाई महावीर के गुरुग्राम पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जांच अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। हत्या के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

