गुरुग्राम में ड्राइवर की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या, दोस्तों पर आरोप

WhatsApp Channel Join Now

गुरुग्राम, 31 अगस्त (हि.स.)। सेक्टर-45 इलाके में सोमवार को आपसी विवाद में एक ड्राइवर की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मूल रूप से मध्यप्रदेश के हरदा निवासी बाबूलाल के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम में ड्राइवरी करता था। वारदात को अंजाम देने वाले उसके ही दोस्त बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर बाबूलाल सेक्टर-45 स्थित अपने कमरे पर था, तभी उसका दोस्त राहुल, आकाश और उनके कुछ साथी वहां पहुंचे। कमरे के अंदर किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से बाबूलाल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वह जमीन पर गिर गया। पुलिस ने उसे अस्पताल भिजवाया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

जांच में सामने आया है कि बाबूलाल और आरोपियों के बीच विवाद रविवार रात से ही चल रहा था। रविवार रात दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद राहुल और आकाश पक्ष ने बाबूलाल के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसी रंजिश के चलते सोमवार को बदला लेने के लिए आरोपी उसके घर पहुंचे और हत्या कर दी।

सेक्टर-40 थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवीख गाल रही है और आरोपियों की तलाश कर रही है। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story