गुरुग्राम पुलिस ने बारिश में कॉर्पोरेट कर्मचारियों को दी वर्क फ्रॉम होम की सलाह
जलभराव-जाम की आशंका, अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील
गुरुग्राम, 06 अगस्त (हि.स.)। शहर में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश के चलते गुरुग्राम पुलिस ने गुरुवार को कॉर्पोरेट कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी है। पुलिस के अनुसार शहर की मुख्य सड़कों और चौराहों पर जलभराव और भीषण यातायात जाम की प्रबल संभावना है। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए यह सावधानी परामर्श जारी किया गया है।
गुरुग्राम पुलिस ने कॉर्पोरेट क्षेत्र और निजी प्रतिष्ठानों से पुरजोर आग्रह किया है कि वे गुरुवार को अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा दें। पुलिस का कहना है कि सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम होने से ट्रैफिक प्रबंधन दलों को यातायात सुचारू रखने और आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध रूप से चालू रखने में मदद मिलेगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक बिना जरूरी काम के घर से न निकलें। वाहन चलाते समय गति धीमी रखें, जलभराव वाले इलाकों से बचें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। गुरुग्राम पुलिस ने कहा नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए आपके सहयोग की सराहना करते हैं। सुरक्षा सर्वोपरि, सावधानी से चलें। ट्रैफिक या आपात स्थिति की जानकारी के लिए नागरिक गुरुग्राम ट्रैफिक हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

