गुरुग्राम में रिटायर्ड कर्नल की बेटी ने 11वीं मंजिल से कूदकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now

-काफी देर तक बालकनी में घूमती रही, फिर लगा दी छलांग*

-पति विदेश में करता है नौकरी

गुरुग्राम, 02 नवंबर (हि.स.)। सेक्टर-110 स्थित महिंद्रा ऑरा सोसाइटी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रिटायर्ड कर्नल की बेटी ने 11वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान नेहा तिवारी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार नेहा अपने पिता के साथ सोसाइटी के एक फ्लैट में 11वीं मंजिल पर रह रही थी। उनके पति शुभम शर्मा विदेश में नौकरी करते हैं। दोनों की शादी 2021 में हुई थी और नेहा पिछले काफी समय से अपने पिता के साथ ही रह रही थीं। बताया जा रहा है कि घटना के समय नेहा अकेली बालकनी में थी। काफी देर तक वह बालकनी में टहलती रही, इसके बाद अचानक रेलिंग फांदकर नीचे कूद गई। उस समय सोसाइटी में आसपास कुछ लोग मौजूद भी थे, लेकिन किसी का ध्यान उस तरफ नहीं गया। नीचे गिरते ही नेहा की मौके पर ही मौत हो गई। गिरने से शव की स्थिति काफी खराब बताई जा रही है। घटना के बाद सोसाइटी में हडक़ंप मच गया।

लोगों ने तुरंत शोर मचाकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बजघेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के समय उनके पिता फ्लैट में मौजूद थे या नहीं। पुलिस सोसाइटी परिसर और टावर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही विदेश में रह रहे पति शुभम शर्मा से भी संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story