गुरुग्राम: 15 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुई महिला पुलिसकर्मी

WhatsApp Channel Join Now


-एफआईआर से नाम हटाने के बदले मांगे थे 20 हजार, पहले ले चुकी थी पांच हजार

गुरुग्राम, 13 अगस्त (हि.स.)। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो फरीदाबाद ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सदर तावड़ू जिला नूंह में तैनात महिला पुलिसकर्मी प्रियंका को गुरुवार को 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पुलिसकर्मी पर एफआईआर से शिकायतकर्ता का नाम हटाने के एवज में 20 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप है।

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को शिकायतकर्ता ने शिकायत दी थी कि थाना तावड़ू में उसके खिलाफ एक केस दर्ज है। इस केस की जांच से उसका नाम हटाने के बदले महिला पुलिसकर्मी प्रियंका उससे रिश्वत की मांग कर रही थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी पहले ही उससे पांच हजार बतौर रिश्वत ले चुकी है। इसके बाद शेष 15 हजार रुपये देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। रिश्वत न देने पर जांच में फंसाने की धमकी भी दी गई। शिकायत की प्राथमिक जांच और पुष्टि के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। तय स्थान पर शिकायतकर्ता जब 15 हजार लेकर पहुंचा तो प्रियंका ने पैसे लेते ही उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। इसी दौरान पहले से तैनात टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली।

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि इस तरह के अन्य मामलों में भी उसकी संलिप्तता तो नहीं है। मामले की गहनता से जांच जारी है। महिला पुलिसकर्मी की गिरफ्तारी के बाद जिला नूंह और गुरुग्राम पुलिस विभाग में हडक़ंप मच गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर कड़ी विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story