गुरुग्राम: जर्जर मकान तोडऩे के दौरान छत ढहने से दो महिला श्रमिक घायल

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: जर्जर मकान तोडऩे के दौरान छत ढहने से दो महिला श्रमिक घायल


दोनों महिलाओं को अस्पताल में कराया गया भर्ती, हालत गंभीरगुरुग्राम, 25 मार्च (हि.स.)। यहां सदर बाजार के पास स्थित रोशनपुरा में एक पुराने मकान को तोडऩे के दौरान छत गिर गई। छत के मलबे के नीचे दो महिला मजदूर दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि एक महिला गर्भवती हैं। घटना की सूचना पाकर पुलिस व बचाव दल मौके पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार रोशनपुरा में एक पुराने जर्जर मकान को तोड़ा जा रहा था। बुधवार को दो महिला मजदूर मकान की छत पर बैठकर खाना खा रही थीं। इसी दौरान छत भरभरा कर गिर गई। दोनों महिलाएं मलबे के नीचे दब गई। छत गिरने की आवाज सुनकर आसपास हडक़ंप मच गया। उस मकान के पास में ही मोबाइल कंपनी का काम कर रहे युवक भागकर वहां पहुंचे और मलबे को हटाने का काम शुरू किया। किसी तरह से दोनों महिलाओं को बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर थाना शहर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत चिंताजनक बताई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह हादसा ठेकेदार की लापरवाही के कारण हुआ है। जर्जर मकान को तोडऩे के दौरान सुरक्षा के उपायों का पालन नहीं किया गया। मजदूरों को हेलमेट, बेल्ट या अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story