गुरुग्राम: 50 हजार की रिश्वत लेते महिला हेड कांस्टेबल गिरफ्तार
एंटी करप्शन ब्यूरो ने मानेसर महिला थाने में तैनात पुलिसकर्मी को रंगे हाथों दबोचा
केस से नाम हटाने के बदले मांगी थी रिश्वत, कैमिकल लगे नोटों से हुई पुष्टि
गुरुग्राम, 12 जून (हि.स.)। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुग्राम के मानेसर महिला थाने में तैनात हेड कांस्टेबल कविता को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पुलिसकर्मी के मामला दर्ज कर लिया गया है। शुक्रवार को एसीबी अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल आरोपी हेड कांस्टेबल से पूछताछ की जा रही है और यह भी पता लगाया जा सके कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार महिला थाने में दर्ज एक आपराधिक मामले में शिकायतकर्ता के भाई बलराम और मुकेश का नाम शामिल था। आरोप है कि मामले की जांच से जुड़े कार्य में दोनों भाइयों के नाम केस से हटाने के एवज में हेड कांस्टेबल कविता ने रिश्वत की मांग की थी। बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना तुरंत एंटी करप्शन ब्यूरो की गुरुग्राम यूनिट को दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने पूरी योजना तैयार की और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। टीम ने शिकायतकर्ता को कैमिकल लगे नोट देकर हेड कांस्टेबल के पास भेजा।
निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता ने मानेसर थाने के पास हेड कांस्टेबल कविता को 50 हजार रुपये सौंप दिए। जैसे ही उसने रिश्वत की रकम स्वीकार की, मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान जब आरोपी के हाथ धुलवाए गए तो कैमिकल के प्रभाव से पानी का रंग बदल गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

