गुरुग्राम: आत्मनिर्भरता के लिए स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाएं महिलाएं: सुनीता दांगी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: आत्मनिर्भरता के लिए स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाएं महिलाएं: सुनीता दांगी


-34 लाभार्थियों को वितरित किए करीब 6.70 लाख रुपये के ऋण सब्सिडी चेक

गुरुग्राम, 02 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता दांगी ने सोमवार को गुरुग्राम का दौरा किया। इस दौरान जैकमपुरा स्थित प्रजापति धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करते हुए ऋण सब्सिडी के चेक वितरित किए। कार्यक्रम में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुनीता दांगी ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से हरियाणा महिला विकास निगम द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने और स्वरोजगार के जरिए आगे बढऩे के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को इन योजनाओं की जानकारी लेकर इनका अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए, ताकि वे स्वयं रोजगार स्थापित कर सकें और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें। इस अवसर पर उन्होंने 34 लाभार्थियों को व्यक्तिगत ऋण योजना के तहत करीब छह लाख 70 हजार रुपये की ऋण सब्सिडी के चेक वितरित किए।

चेयरपर्सन सुनीता दांगी ने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है।

हरियाणा महिला विकास निगम इसी उद्देश्य के साथ महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें वित्तीय सहायता और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आगे बढऩे के अवसर उपलब्ध करवा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपनी रुचि और कौशल के अनुसार सिलाई, ब्यूटी पार्लर, लघु उद्योग तथा अन्य स्वरोजगार गतिविधियां शुरू कर सकती हैं। इसके लिए निगम की योजनाएं उनके लिए आर्थिक संबल बनने के साथ अपने सपनों को साकार करने का माध्यम भी हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे केवल योजनाओं की जानकारी तक सीमित न रहें, बल्कि आगे आकर इनका लाभ उठाएं और स्वयं का रोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम करें। इस अवसर पर महिला विकास निगम से जिला प्रबंधक देशराज, नाबार्ड से एफएलसी पुने पाल, परियोजना अधिकारी कमलेश, एलडीएम विनोद बजाज, एनआरएलएम से गुलशन महिला विकास निगम से विजय भारद्वाज, राजबीर, प्रवीण कुमार, महेश कुमार, कांता सैनी सहित विभिन्न विभागों के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771213 Articles

Share this story