गुरुग्राम: महिला सशक्तिकरण का स्वर्णिम अध्याय लिख रही सरकार: उषा प्रियदर्शी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: महिला सशक्तिकरण का स्वर्णिम अध्याय लिख रही सरकार: उषा प्रियदर्शी


-महिलाओं को निर्णय लेने की शक्ति और नेतृत्व का अवसर देना प्राथमिकता

गुरुग्राम, 29 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने कहा कि आज देश की महिलाएं केवल विकास की भागीदार नहीं, बल्कि देश के विकास की दिशा तय करने वाली शक्ति बन रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को केवल एक राजनीतिक विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प बनाया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम इसी संकल्प का ऐतिहासिक उदाहरण है।

रविवार को यहां जारी बयान में उषा प्रियदर्शी ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का विषय लगभग 27 वर्षों तक राजनीतिक इच्छाशक्ति और सहमति के अभाव में लंबित रहा। वर्ष 1996 में पहली बार महिला आरक्षण विधेयक संसद में प्रस्तुत किया गया था। वर्ष 2010 में भी इसे राज्यसभा से पारित किया गया, लेकिन लोकसभा में पारित न होने के कारण यह आगे नहीं बढ़ सका। वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संसद के दोनों सदनों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया और राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद यह कानून बना। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए लगभग एक-तिहाई यानी 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया है।

उषा प्रियदर्शी ने कहा कि इस कानून का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि देश की लाखों प्रतिभाशाली महिलाओं को राजनीति और नीति निर्धारण में अपनी भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा।

लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। महिलाओं को कानून बनाने और नीतियां निर्धारित करने में अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा। ग्रामीण, शहरी, पिछड़े और वंचित वर्ग की महिलाओं को नेतृत्व के अवसर मिलेंगे। महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे मुद्दों को अधिक प्रभावी आवाज मिलेगी। आने वाली पीढिय़ों की बेटियों के सामने राजनीति और सार्वजनिक जीवन में आगे बढऩे के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं के जीवन के हर क्षेत्र को ध्यान में रखकर अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह संकल्प कि देश की नारी शक्ति को उसका उचित अधिकार मिलना चाहिए, विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को भी मजबूती प्रदान करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story