गुरुग्राम: महिला आरक्षण पर विपक्ष का आचरण महिलाओं में दिल में शूल की तरह चुभा: सुधांशु त्रिवेदी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: महिला आरक्षण पर विपक्ष का आचरण महिलाओं में दिल में शूल की तरह चुभा: सुधांशु त्रिवेदी


गुरुग्राम, 24 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम पर कांग्रेस व विपक्षी पार्टियों का गलत आचरण देश की महिलाओं के हृदय में एक शूल की तरह चुभ गया है। उचित समय आने पर विपक्ष को उचित जवाब महिला शक्ति देने का काम करेगी। विपक्ष उत्तर-दक्षिण के बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहा है, जोकि देशहित के खिलाफ है। यह बात उन्होंने शुक्रवार को यहां भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कही।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं का लोकसभा और विधानसभा में जाने का अवसर था, लेकिन विपक्ष ने रोड़ा अटकाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार महिलाओं को उनका हक देने के लिए प्रतिबद्ध है और उसे अंतिम परिणीति तक पहुंचाएगी। त्रिवेदी ने कहा कि अभी अवसर चूका है, लेकिन अंतिम निर्णय अभी बाकी है। विपक्ष ने अक्षम्य अपराध किया है, जिसको देश कभी नहीं भूलेगा। नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम को विपक्ष की नकारात्मक सोच के कारण पारित नहीं किया जा सका। संसद में विपक्षी नेताओं का व्यवहार महिलाओं के सम्मान के खिलाफ था। सदन में जिस प्रकार से हंसी, ताली और उपहास किया गया, वह नारी शक्ति का अपमान है।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता संभालने के बाद से ही महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कई योजनाएं सीधे तौर पर महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा गया, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई। वहीं स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत बनाए गए शौचालयों ने महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को सुनिश्चित किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story