गुरुग्राम: शराब ठेके से एक करोड़ के गबन का आरोप, कर्मचारी गिरफ्तार
गुरुग्राम, 26 अगस्त (हि.स.)। सेक्टर-38 स्थित शराब ठेके पर स्टॉक बेचकर करीब एक करोड़ रुपये का गबन कर लिया गया। गबन के मामले में सदर थाना पुलिस ने एक आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पांच अगस्त 2026 को ठेका मालिक ने सदर थाने में शिकायत दी थी कि उसके ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों ने शराब का स्टॉक बेच दिया और बिक्री की रकम का गबन कर लिया, जिससे उसे करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। शिकायत के बाद आरोपी कर्मचारी ठेका छोडक़र फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान प्रदीप उर्फ विक्की, निवासी अग्रवाल मोहल्ला, मैनपुरी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी में है। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि ठेके से कितना स्टॉक बेचा गया, गबन की रकम कहां गई और इस वारदात में और कौन-कौन शामिल है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

