गुरुग्राम: चरित्र पर संदेह में पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: चरित्र पर संदेह में पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार


-पुलिस ने आरोपी हेमंत को गुरुग्राम से ही पकड़ा

गुरुग्राम, 28 जुलाई (हि.स.)। चरित्र पर संदेह के चलते पत्नी की हत्या करने के आरोप में थाना भौंडसी पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि आरोपी ने पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए पहले पेट दर्द से मौत होने की कहानी बनाई थी।

जानकारी के 27 जुलाई 2026 को थाना भौंडसी पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली कि शालू (21 वर्ष) नामक महिला को उसका पति मृत अवस्था में अस्पताल लेकर आया है। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दी। मृतका के पिता ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उनकी बेटी शालू की शादी वर्ष 2025 में हेमंत निवासी जिला बुलंदशहर उत्तर प्रदेश से हुई थी। दोनों बेहलपा ग्रीन फार्म हाउस के नजदीक एक खेत पर मजदूरी करते थे और वहीं रहते थे। पिता ने बताया कि 27 जुलाई को रात करीब 12:30 बजे हेमंत का फोन आया कि शालू के पेट में दर्द है और वह बेहोश हो गई है। कुछ देर बाद दोबारा फोन आया कि उसकी मृत्यु हो गई है। जब उन्होंने बेटी का शव देखा तो उसके गले पर गला घोंटने के निशान थे। उन्हें शक हुआ कि दामाद हेमंत ने उनकी बेटी की हत्या की है। इस शिकायत के आधार पर थाना भौंडसी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना भौंडसी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हेमंत (21 वर्ष) को अगले दिन गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसे पत्नी शालू के चरित्र पर संदेह था। इसी शक के चलते उसने चुन्नी से गला घोंटकर शालू की हत्या कर दी। पकड़े जाने के डर से उसने परिवार और पुलिस को गुमराह करने के लिए पेट दर्द से मौत होने की झूठी कहानी गढ़ी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story