गुरुग्राम: पत्नी व चार बच्चों का हत्यारोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: पत्नी व चार बच्चों का हत्यारोपी गिरफ्तार


गुरुग्राम: पत्नी व चार बच्चों का हत्यारोपी गिरफ्तार


-नशा करने व आर्थिक तंगी के चलते होती थी कलह

गुरुग्राम, 05 मई (हि.स.)। सेक्टर-10ए थाना क्षेत्र के गांव वजीरपुर में पत्नी व चार बच्चों की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

जानकारी के अनुसार मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के बिलारी निवासी मोहम्मद नाजिम (35) अपने परिवार के साथ पिछले करीब चार-पांच माह से गुरुग्राम के वजीरपुर गांव में किराये के मकान में रह रहा था। वह गढ़ी हरसरू गांव में सैलून चलाता है। बताया जा रहा है कि उसका अपनी पत्नी नजमा के साथ अक्सर झगड़ा हो जाता था।

शनिवार की रात को नाजिम सैलून से अपने कमरे पर आया तो उसका पत्नी से झगड़ा हो गया। जिसके बाद उसने पत्नी नजमा (31) व बेटी इकरा (13), शिफा (11), बेटा आयान (7) व बेटी खदीजा नूर (6) को जहर देेने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। नाजिम ने चाकू से खुद का गला व कलाई काटकर खुदकुशी करने का प्रयास किया।

नाजिम का भाई जीशान उसके घर पहुंचा तो कमरे में नाजिमा, इकरा, शिफा, आयान व खदीजा मृत अवस्था में पड़े थे। सभी के मुंह से झाग निकल रहा था। नाजिम लहूलुहान हालत में तड़प रहा था।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से जहर के नमूने व खून से सना चाकू बरामद किया है। इसके बाद डीसीपी, एसीपी और क्राइम ब्रांच की टीम भी पहुंच गई। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। वहीं आरोपित को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसे डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया है।

इस मामले में एसीपी दक्षिण नवीन शर्मा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि वह नशे करने का आदी है।आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। जिसके चलते घर में लड़ाई झगड़ा होता रहता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story