गुरुग्राम: पति ने पत्नी व चार बच्चों को जहर देकर मारा और खुद भी हाथों की नसें काटी
गुरुग्राम, 03 मई (हि.स.)। गांव वजीरपुर में एक व्यक्ति ने शनिवार देर रात अपनी पत्नी और चार बच्चों की जहर देकर हत्या कर दी। आरोपी ने खुद भी हाथों की नसें काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों में आरोपी नाजिम की पत्नी नजमा, बेटी इकरा, शिफा और खतीजा तथा बेटा आरम शामिल हैं। पुलिस घायल नाजिम को सिविल अस्पताल में भर्ती करा दिया है जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार काे बताया कि हत्या का कारण पति-पत्नी में आपसी झगड़ा बताया बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार नाजिम उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले का रहने वाला है और करीब छह महीने से गांव वजीरपुर में किराए के मकान में रह रहा था। नाजिम गढ़ी हरसरू में खुद का सैलून चलाता है। पुलिस जांच में सामने आया है कि नाजिम का अक्सर पत्नी के साथ झगड़ा होता रहता था।
शनिवार देर सायं आरोपी नाजिम का भाई जिशान घर पहुंचा। उसने बताया कि जब वह बच्चों के कमरे में गया तो देखा कि सभी बच्चे और उसकी भाभी फर्श पर पड़े हुए थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। वहीं नाजिम पास में तड़प रहा था और उसके हाथ की नसें कटी हुई थीं। पास में खून से सना चाकू भी पड़ा हुआ था। जिशान ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल से एक खून से सना चाकू बरामद किया है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने उसी चाकू से अपनी नसें काटी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नाजिम और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि यह नाजिम की दूसरी शादी थी। शनिवार को भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद यह खौफनाक कदम उठाया गया। रविवार को एसीपी नवीन शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सभी की मौत ज़हर देने से हुई है या गला दबाकर हत्या की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

