गुरुग्राम: जीएमडीए बनाने की राजनीति करने वाले शहर की बर्बादी पर जवाब दें: पंकज डावर

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: जीएमडीए बनाने की राजनीति करने वाले शहर की बर्बादी पर जवाब दें: पंकज डावर


बोले, जो गुडग़ांव की किस्मत बदलने की बात करते थे वे डूबे गुडग़ांव को देखने तक नहीं आते

-कार्यक्रम में नहीं बुलाने पर गिरता है सम्मान, गुडग़ांव की बदहाली पर कुछ नहीं होता

गुरुग्राम, 26 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने गुरुग्राम की बदहाली पर हरियाणा सरकार के साथ-साथ गुडग़ांव के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री को भी घेरा है। उन्होंने कहा कि अपनी ही पार्टी के नेताओं द्वारा कार्यक्रम में नहीं बुलाए जाने पर जिस नेता का सम्मान गिर जाता है, गुडग़ांव की बदहाली पर उन्हें ऐसा महसूस नहीं होता। जनता से वोट लेकर दिल्ली जा बैठे सांसद के लिए गुडग़ांव दूर हो गया है। जिस जनप्रतिनिधि को जनता के साथ खड़े रहना चाहिए, वे जनता से दूर बनाए हुए हैं।

पंकज डावर ने कहा कि केंद्र में मंत्री राव इंद्रजीत सिंह कहते थे कि जीएमडीए बनने से गुडग़ांव की तकदीर सुधर जाएगी। जीएमडीए भी बन गया और गुडग़ांव को महानगर का भी तमगा मिल गया, मगर हुआ क्या। उन्होंने कहा कि आज राव इंद्रजीत सिंह गुडग़ांव की बिगड़ी तकदीर पर सिवाय एकाध बैठक के कुछ नहीं करते। अधिकारियों की बैठकें लेकर गुडग़ांव की जनता को दिखाते हैं कि वे यहां के लिए गंभीर है, मगर गंभीरता की तब पोल खुल जाती है जब मॉनसून की बारिश में गुडग़ांव डूब जाता है। डूबे गुडग़ांव को तो वे देखने तक नहीं आते। पंकज डावर ने कहा कि उन्हें अपनी ही पार्टी के नेताओं द्वारा कार्यक्रम में नहीं बुलाने पर सम्मान गिर जाता है, मगर जनता से जो वायदे किए थे उन्हें पूरा नहीं करने पर उनका सम्मान कहीं से भी नहीं गिरता।

कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि सिर्फ हरियाणा सरकार ही नहीं, बल्कि केंद्र में गुडग़ांव की नुमाइंदगी करने वाले यहां के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भी गुडग़ांव की बदहाली के बराबर के दोषी हैं। बात सिर्फ बरसात में गुडग़ांव के डूबने की ही नहीं, बल्कि यहां की जनता के लिए अन्य सुविधाओं की भी है। उनकी बेटी हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री हैं, लेकिन गुडग़ांव का अस्पताल बीमार है। बीमार क्या वह तो मृत अवस्था में है। गुडग़ांव विधानसभा में सरकार अस्पताल का ना होना सरकार और यहां के नुमाइंदों की निष्क्रियता को दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story