गुरुग्राम: वाहन की चपेट में आने पर वेयर हाऊस कर्मी की मौत

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: वाहन की चपेट में आने पर वेयर हाऊस कर्मी की मौत


गुरुग्राम, 31 मार्च (हि.स.)। बिलासपुर थाना क्षेत्र के गांव बोहड़ाकलां रोड पर तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से वेयर हाऊस कर्मी की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच अधिकारी एएसआई राजेश कुमार ने मंगलवार को बताया कि चालक पर केस दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

जानकारी के अनुसार बोहड़ाकलां गांव निवासी सुनील सैनी नूरपुर स्थित वेयर हाऊस में नौकरी करता था। सुनील 29 मार्च को नूरपुर वेयर हाऊस से ड्यूटी खत्म करके पैदल ही अपने गांव बोहड़ाकलां की ओर आ रहा था। भारत पेट्रोल पंप के निकट तेज रफ्तार वाहन ने उसको टक्कर मार दी। हादसे में सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे उपचार के लिए रेवाड़ी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से परिवार वाले उसे जयपुर स्थित एनआईएमएस मेडिकल कालेज में ले गए। उपचार के दौरान सुनील की मौत हो गई। जांच अधिकारी एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। सुनील को टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वाहन की पहचान होने पर चालक को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story