गुरुग्राम: वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत कांग्रेसियों ने मशाल जुलूस

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत कांग्रेसियों ने मशाल जुलूस


-चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर शहर में किया प्रदर्शन

-न्यू कालोनी क्षेत्र से की गई विरोध प्रदर्शन की शुरुआत

गुरुग्राम, 19 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी के वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत शहर में मशाल जुलूस के रूप में विरोध मार्च निकाला गया। न्यू कॉलोनी क्षेत्र में पूर्व मंत्री स्वर्गीय धर्मबीर गाबा जी की कोठी से शुरू हुए इस मार्च में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता का भी भारी समर्थन देखने को मिला।

इस मशाल जुलूस मार्च का नेतृत्व हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद राज बब्बर, पूर्व सांसद अशोक तंवर और जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने रविवार को बताया कि सभी नेताओं ने वोट चोरी और सरकार चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि आज देश में जो वोट की चोरी हो रही है, यह वोट की चोरी नहीं देश के भविष्य की चोरी है। जब वोट चोरी होगा तो सरकार भी चोरी की बनेगी। प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा हमेशा वोट चोरी करके सत्ता में आना चाहती है। हरियाणा विधानसभा का चुनाव चोरी किया गया। देशभर में लोगों के वोट काट दिए गए। वोटर लिस्ट में हेरफेर किया गया। हजारों ऐसे वोटरों के नाम जोड़े गए जो उस बूथ के हैं ही नहीं।

पूर्व सांसद राज बब्बर ने कहा कि आज देश में जो पटकथा लिखी जा रही है, वह बहुत खतरनाक है। वोट का अधिकार बाबा साहेब अंबेडकर ने हमें दिया था। आज उसी अधिकार को छीना जा रहा है। सरकार कहती है सबका साथ, सबका विकास, लेकिन करती है वोट की चोरी से सत्ता का विकास। चुनाव आयोग को सरकार का तोता नहीं बनना चाहिए। पूर्व सांसद अशोक तंवर ने कहा कि वोट चोरी का यह खेल अब पूरे देश में उजागर हो चुका है। महाराष्ट्र, हरियाणा और अब बिहार में भी यही फॉर्मूला अपनाया जा रहा है।

जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि आज जो भीड़ आप देख रहे हैं, यह सिर्फ कांग्रेस की भीड़ नहीं है, यह आम जनता की भीड़ है। लोग समझ गए हैं कि उनका वोट चोरी हो रहा है। हमारी मांग साफ है कि चुनाव आयुक्त को हटाया जाए और वोटर लिस्ट का शुद्धिकरण किया जाए। अगर वोट का अधिकार बचेगा तभी देश बचेगा। उन्होंने उन सभी लोगों का आभार जताया, जो इस लड़ाई में कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़े हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763649 Articles

Share this story