वोट चोरी के आरोप पर गुरुग्राम में भी गरजा विपक्ष

WhatsApp Channel Join Now
वोट चोरी के आरोप पर गुरुग्राम में भी गरजा विपक्ष


-कांग्रेस-इंडिया गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त का मांगा इस्तीफा

-वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को लेकर जुलूस से विपक्ष ने दिखाई ताकत

गुरुग्राम, 08 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने गुरुवार को गुडग़ांव शहर में विशाल विरोध जुलूस निकाला। जुलूस में सेंकड़ों कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां, बैनर लेकर शामिल हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विपक्षी नेताओं ने वोट चोरी कर सरकार बनाने का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता पानीपत के पूर्व विधायक विरेंद्र पाल शाह ने की।

अपने संबोधन में पानीपत के पूर्व विधायक विरेंद्र पाल शाह ने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र की चोरी की है। वोट चोरी करके बनाई गई सरकार को देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। यह लड़ाई सिर्फ सत्ता की नहीं, संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। जब तक वोट चोरों को सजा नहीं मिलती, हमारा आंदोलन सडक़ से संसद तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि देश में लोग सरकार के खिलाफ सडक़ों पर है, लेकिन यह सरकार जश्न मनाती फिर रही है। एक व्यक्ति का महिमामंडन किया जा रहा है। गुडग़ांव जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि हरियाणा से लेकर देशभर में जिस तरह से चुनाव आयोग की मिलीभगत से वोटों में हेरफेर किया जा रहा है, वह बेहद चिंताजनक है। राहुल गांधी जी ने सबूतों के साथ वोट चोरी का पर्दाफाश किया है।

गुडग़ांव की जनता इस लूट के खिलाफ सडक़ों पर उतर आई है। महंगाई, बेरोजगारी से ध्यान भटकाने के लिए यह वोट चोरी का खेल खेला जा रहा है। इंडिया गठबंधन का हर कार्यकर्ता इस तानाशाही के खिलाफ एकजुट है।

जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव ने कहा कि यह सरकार जनादेश से नहीं, वोट चोरी से बनी है। ग्रामीण इलाकों में मतदाता सूची से नाम काटे गए और फर्जी वोट जोड़े गए। अगर वोट का अधिकार ही सुरक्षित नहीं रहेगा तो लोकतंत्र कैसे बचेगा। सीपीआई-एम से पूर्व राज्य सचिव सुरेंद्र मलिक व जिला सचिव उषा सरोहा ने कहा कि भाजपा सरकार मजदूर, किसान और आम आदमी के वोट के अधिकार पर डाका डाल रही है। सीपीआई-एम नेता ईश्वर सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग आज सत्ता पक्ष का मोहरा बन गया है। एसयूसीआई कम्युनिस्ट पार्टी प्रतिनिधि कोमल सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने नैतिकता को ताक पर रखा हुआ है। कितने भी घोटाले इस सरकार में हो जाएं, सरकार को शर्म तक नहीं आती।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story