गुरुग्राम: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस लाखों परिवारों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर: बोधराज सीकरी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस लाखों परिवारों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर: बोधराज सीकरी


-विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर हुई बैठक

-14 अगस्त को सेक्टर-29 के महाराणा प्रताप ग्राउंड में होगा कार्यक्रम

गुरुग्राम, 08 अगस्त (हि.स.)। सेक्टर-29 स्थित महाराणा प्रताप ग्राउंड में 14 अगस्त को होने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों एवं नगर निगम वार्ड पार्षदों की बैठक आयोजित की गई।

कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक बोधराज सीकरी ने बैठक में कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन लाखों परिवारों की पीड़ा, संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है जिन्होंने देश के विभाजन की त्रासदी को झेला।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को विभाजन के उस दर्दनाक इतिहास से अवगत कराना और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता के प्रति जागरूक करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 14 अगस्त को महराणा प्रताप ग्राउंड में सुबह 10 बजे आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में नागरिकों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम की सह संयोजक एवं पूर्व विधायक सीमा त्रिखा ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य इतिहास के उस अध्याय को याद करना है, जिसकी पीड़ा आज भी अनेक परिवारों की स्मृतियों में जीवित है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करते हुए लोगों को इस कार्यक्रम से जोड़ें। गुरुग्राम जिला प्रभारी संदीप जोशी ने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए निर्धारित जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।

कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि विभाजन का इतिहास हमें यह सीख देता है कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द से बढक़र कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें उन सभी लोगों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करना चाहिए जिन्होंने विभाजन के दौरान असहनीय पीड़ा सही और अपना सर्वस्व खो दिया। कार्यक्रम के सह संयोजक जगदीश चोपड़ा ने कहा कि 14 अगस्त का कार्यक्रम केवल भाजपा कार्यकर्ताओं का कार्यक्रम न होकर समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता वाला कार्यक्रम बने। इसके लिए व्यापक स्तर पर संपर्क और संवाद किया जाए। भाजपा गुरुग्राम जिला महामंत्री मनीष सैदपुर ने बैठक में उपस्थित सभी जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों एवं नगर निगम पार्षदों सहित सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। बैठक में हरियाणा सरकार में विधायक मुकेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, प्रदेश सचिव हरविंद कोहली, सह संयोजक एवं पूर्व प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, गुरुग्राम महानगर जिला प्रभारी राजकुमार वोहरा तथा गुरुग्राम के पूर्व जिलाध्यक्ष तिलकराज मल्होत्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। भाजपा गुरुग्राम जिला महामंत्री मनीष सैदपुर ने सभी का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story