गुरुग्राम में पूर्वोत्तर की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम में पूर्वोत्तर की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां


गुरुग्राम में पूर्वोत्तर की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां


-वनवासी कल्याण आश्रम ने रखा जनजातीय विकास का व्यापक परिप्रेक्ष्य

गुरुग्राम, 20 अप्रैल (हि.स.)। वनवासी कल्याण आश्रम हरियाणा की गुरुग्राम इकाई द्वारा सेक्टर-14 स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित परिवार मिलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में पूर्वोत्तर राज्यों की छात्राओं ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास और राष्ट्रीय एकात्मता का सशक्त संदेश दिया गया। यह आयोजन आश्रम की गतिविधियों और उसके सेवा प्रकल्पों को समाज के सामने प्रभावी ढंग से रखने का एक महत्वपूर्ण अवसर बना।

कार्यक्रम में आरएसएस हरियाणा के प्रांत संघचालक प्रताप ने भी शिरकत की। इस अवसर पर मुख्य वक्ता अखिल भारतीय युवा कार्य प्रमुख वनवासी कल्याण आश्रम वैभव सुरंगे ने कहा कि वनवासी कल्याण आश्रम वर्ष 1952 से देशभर के जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सतत कार्य करता आ रहा है। उन्होंने बताया कि आश्रम गैर-सरकारी सहयोग से शिक्षा, चिकित्सा, ग्राम विकास, आर्थिक विकास और श्रद्धा जागरण जैसे क्षेत्रों में 22 हजार से अधिक सेवा प्रकल्पों के माध्यम से लगभग दो करोड़ वनवासी बंधुओं को लाभान्वित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि कर्मयोगी बाला साहेब देशपांडे ने बहुत पहले यह अनुभव कर लिया था कि आत्मविस्मृति में खोए वनवासी समाज को जागृत करना आवश्यक है। जनजातीय समाज को उसके गौरवपूर्ण इतिहास, पूर्वजों और परंपराओं से जोडक़र ही स्वाभिमान का पुनर्जागरण संभव है, और स्वावलंबन के माध्यम से ही भारत की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। उन्होंने कहा कि वनवासी समाज के विकास के बिना राष्ट्र का विकास अधूरा रहेगा और इसी दृष्टि से आश्रम जागृत वनवासी, समर्थ भारत के लक्ष्य को लेकर छोटे-छोटे प्रकल्पों के जरिए गांव-गांव में निस्वार्थ सेवा का कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाबी बिरादरी महासंगठन, गुरुग्राम के अध्यक्ष बोधराज सीकरी रहे। उन्होंने अपने संबोधन में वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देते हैं, बल्कि देश की विविधता में एकता के भाव को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में उत्तर क्षेत्र नगरीय प्रमुख, वनवासी कल्याण आश्रम जय भगवान तथा भारतीय बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन के उपाध्यक्ष अनुप सिंह का भी सौजन्यपूर्ण सहयोग रहा। विशिष्ट अतिथियों में ओम स्वीट्स, गुरुग्राम के चेयरमैन ओमप्रकाश कथूरिया, भूतपूर्व चीफ जनरल मैनेजर टेलीकॉम डॉ. आर.सी. हुड्डा, भूतपूर्व डायरेक्टर जनरल, सीपीडब्ल्यूडी प्रभाकर सिंह, आरकेसीपीएल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक कृष्ण कुमार गोयल, हरियाणा शिक्षण संगठन के प्रांत अध्यक्ष यशपाल यादव, उद्योगपति शेखर तनेजा, श्रीनिवास, अमित भारद्वाज, आरती गुप्ता, तथा समाजसेवी सलूजा शामिल रहे। मंच संचालन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गुरुग्राम के विभाग प्रचार प्रमुख अनिल कश्यप ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story