गुरुग्राम: नुक्कड़ नाटक में जीवंत रूप में दिखी रानी पद्मावती की वीरगाथा

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: नुक्कड़ नाटक में जीवंत रूप में दिखी रानी पद्मावती की वीरगाथा


-गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के मंच पर किया गया बेहतरीन मंचन

-नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से दिया स्वाभिमान का संदेश

गुरुग्राम, 25 सितंबर (हि.स.)। गुरुग्राम विश्वविद्यालय और राष्ट्र सेविका समिति के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को रानी पद्मावती जौहर दिवस पर सांस्कृतिक जागरुकता का अनोखा संगम देखने को मिला। विश्वविद्यालय के सेक्टर-51 परिसर स्थित कला एवं संस्कृति अध्ययन विभाग में नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता रील्स टू रूट्स आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन कुलपति डॉ. संजय कौशिक के मार्गदर्शन में हुआ। प्रतियोगिता में गुरुग्राम यूनिवर्सिटी, द्रोणाचार्य गवर्नमेंट कॉलेज, गवर्नमेंट कॉलेज सेक्टर-52, केआईआईटी कॉलेज और ग्लोबल इंस्टीट्यूट सहित कई कॉलेजों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य आधुनिक रील्स की दुनिया में खोए युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोडऩा था। छात्रों ने रानी पद्मावती के अदम्य साहस, स्वाभिमान और जौहर की ऐतिहासिक गाथा को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जीवंत कर दिया। मंच पर इतिहास और वर्तमान पीढ़ी के बीच सेतु बनाते हुए प्रभावशाली प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया।

कार्यक्रम में हरियाणा डेयरी विकास के चेयरमैन राम अवतार गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्कार भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री विजय कुमार, प्रो. पवन सिंह, कुलसचिव डॉ. संजय अरोड़ा, राष्ट्र सेविका समिति की प्रांत कार्यवाहिका डॉ. अंजलि जैन, प्रांत सह कार्यवाहिका प्रतिमा मनचंदा और डॉ. राकेश योगी मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि विजय कुमार ने कहा कि यह केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सांस्कृतिक जागरूकता का अभियान है। नुक्कड़ नाटक जैसी विधा समाज तक सीधा संदेश पहुंचाती है। इस आयोजन ने छात्रों में राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना का संचार किया है। मुख्य अतिथि राम अवतार गर्ग ने कहा कि रानी पद्मावती जैसी वीरांगनाओं की गाथा को मंच पर जीवंत देखकर गर्व का अनुभव हुआ। युवा पीढ़ी को ऐसे कार्यक्रमों से जोड़ते रहना चाहिए। कुलसचिव डॉ. संजय अरोड़ा ने कहा कि रानी पद्मावती का बलिदान सिखाता है कि स्वाभिमान और संस्कृति की रक्षा हर युग में सर्वोपरि है। विश्वविद्यालय ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों में राष्ट्रीय गौरव का संचार करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्र सेविका समिति की राखी जिंदल, सुनीता जायसवाल, सुधा गुप्ता और महानगर कार्यकारिणी का विशेष योगदान रहा। अंत में विजेता टीमों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story