गुरुग्राम: व्यापारियों की एकजुटता ही सबसे बड़ी शक्ति: गोपाल शरण गर्ग

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: व्यापारियों की एकजुटता ही सबसे बड़ी शक्ति: गोपाल शरण गर्ग


-व्यापारियों की नौ सूत्रीय मांगों को लेकर चलाया जाएगा देशव्यापी अभियान

-अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच की गुरुग्राम बैठक में लिया निर्णय

-माधव सेवा केंद्र में मंच की प्रथम राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक गुरुग्राम में हुई

गुरुग्राम, 29 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच की प्रथम राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक रविवार को गुरुग्राम स्थित माधव सेवा केंद्र सेक्टर-17 में हुई। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग की अध्यक्षता रही। देशभर के व्यापारियों की समस्याओं, सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मंच संचालन राष्ट्रीय प्रवक्ता भविष्य कुमार भानु ने किया। इस बैठक में उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड आदि प्रदेशों से लगभग 300 राष्ट्रीय पदाधिकारी पहुंचे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारियों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। मंच का उद्देश्य देश के प्रत्येक व्यापारी की आवाज को सरकार तक पहुंचाना और उनके अधिकारों की रक्षा करना है। राष्ट्रीय महामंत्री सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि संगठन का विस्तार देश के प्रत्येक राज्य एवं जिले तक किया जाएगा तथा अधिक से अधिक व्यापारियों को मंच से जोडक़र एक मजबूत राष्ट्रीय संगठन खड़ा किया जाएगा। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. गजेंद्र गुप्ता ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए पारदर्शिता, अनुशासन और आर्थिक मजबूती अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक पदाधिकारी को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए संगठन के विस्तार एवं व्यापारी हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश चंद गोयल ने व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और उनके समाधान के लिए संगठित प्रयास करने पर जोर दिया। राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल गोयल ने कहा कि छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को सरकारी योजनाओं का लाभ और व्यापार करने के लिए सरल एवं अनुकूल वातावरण मिलना चाहिए। राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद मित्तल, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष हीरालाल अग्रवाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता भविष्य कुमार भानु, जिला अध्यक्ष ईश्वर मित्तल ने भी अपना वक्तव्य दिया।

बैठक में रखी गई प्रमुख नौ मांगेें

बैठक में व्यापारियों के हित में नौ प्रमुख मांगों पर विशेष चर्चा की गई, जिनमें व्यापारी कल्याण आयोग एवं कल्याण कोष का गठन, व्यापारिक प्रतिष्ठानों का सामूहिक बीमा, दुर्घटना बीमा, 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन, कानूनों एवं नियमों का सरलीकरण, जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों को सम्मान, करदाता व्यापारियों की सुरक्षा, प्रमुख व्यापारिक मंडियों में व्यापारी भवनों का निर्माण व व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए देशव्यापी अभियान शामिल हैं। बैठक के समापन पर सभी पदाधिकारियों ने देशभर के व्यापारियों से अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच से जुडऩे और व्यापारी हितों की इस मुहिम को मजबूत बनाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story