गुरुग्राम:ड्यूटी में लापरवाही पर यातायात पुलिस के दो जोनल अधिकारी निलंबित
-सहायक पुलिस आयुक्त यातायात पूर्व ने औचक निरीक्षण के दौरान की कार्रवाई
गुरुग्राम, 04 फरवरी (हि.स.)। ड्यूटी में लापरवाही पर बुधवार को यातायात पुलिस के दो जोनल अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया। यातायात पुलिस के सहायक आयुक्त पूर्व संजय कुमार ने औचक निरीक्षण के दौरान यह कार्रवाई की। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षक के यातायात संबंधी जानकारी ली।
सहायक पुलिस आयुक्त यातायात पूर्व संजय कुमार द्वारा विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान पाया गया कि जोनल अधिकारी घाटा पावर हाउस सहायक उप-निरीक्षक नरेंद्र ड्यूटी के दौरान अपने निर्धारित स्थान पर उपस्थित नहीं पाए गए। जिस कारण उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा सूरजकुंड मेले के संबंध में भारी वाहनों के लिए लगाए गए नाकों का निरीक्षण करने पर यह सामने आया कि जोनल अधिकारी फरीदाबाद बंधवाड़ी टोल पर सहायक उपनिरीक्षक आजाद ड्यूटी स्थल पर उपस्थित ना रहकर बूथ में बैठे हुए थे। जांच करने पर पाया कि सरकारी बॉडी वार्न कैमरा भी उनके पास नहीं था। ड्यूटी में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर सहायक उप निरीक्षक आजाद को भी सहायक पुलिस आयुक्त यातायात पूर्व संजय कुमार द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। यातायात नियमों एवं विभागीय आदेशों का पालन सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अनिवार्य है। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा आदेशों की अवहेलना को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

