गुरुग्राम: ट्यूलिप चौक पर कूड़ा उठाने को लेकर खूनी झड़प, एक घायल

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: ट्यूलिप चौक पर कूड़ा उठाने को लेकर खूनी झड़प, एक घायल


-पुलिस ने चार आरोपी किए गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

गुरुग्राम, 13 मई (हि.स.)। सेक्टर-70 ट्यूलिप चौक एसपीआर रोड पर कूड़ा उठाने को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट और गोलीबारी के मामले में बुधवार को बादशाहपुर थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में इस्तेमाल की गई एक पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार आठ मई 2026 को थाना बादशाहपुर में ट्यूलिप चौक पर झगड़े और फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को पता चला कि दो पक्षों के बीच कूड़ा उठाने को लेकर कहासुनी के बाद लाठी-डंडे चले और इसी दौरान गोली भी चलाई गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, फायरिंग और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए।

इस वारदात में एक पक्ष से प्रदीप गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे पक्ष से नवदीप उर्फ गोलू को मारपीट में चोटें आईं। प्रदीप और नवदीप उर्फ गोलू की शिकायत पर थाना बादशाहपुर में शस्त्र अधिनियम व बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग दो केस दर्ज किए गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नवदीप उर्फ गोलू निवासी कादरपुर, गुरुग्राम को 12 मई को गिरफ्तार किया।

उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद हुई है।

दूसरे केस में तीन आरोपियों को पकड़ा गया। संदीप निवासी तिगरा, गुरुग्राम को 9 मई, मोनू निवासी गांव रिठौज, गुरुग्राम को 10 मई और प्रदीप निवासी गांव रिठौज को 12 मई को गिरफ्तार किया गया। आरोपी प्रदीप को जांच में शामिल किया गया। आरोपी नवदीप को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों केसों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story