गुुरुग्राम: ट्रेन के आगे कूदा व्यक्ति छह टुकड़ों में कटा, पहचान में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

-गुरुग्राम से गढ़ी-हरसरू रेलवे स्टेशन के बीच की है घटना

गुरुग्राम, 23 जून (हि.स.)। गुरुग्राम और गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे किलोमीटर नंबर-33/22-24 डाउन लाइन पर एक व्यक्ति ने सैनिक एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना 100 किमी प्रति घंटा से अधिक गति से चल रही ट्रेन नंबर 19701 के सामने हुई। लोको पायलट ने स्टेशन अधीक्षक को मेमो भेजकर हादसे की सूचना दी। सूचना मिलने पर जीआरपी थाने से एएसआई नरेशन कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मृतक का चेहरा पूरी तरह कुचला हुआ है। दाहिना हाथ कोहनी से और दोनों टांगें घुटनों से कटी हुई मिलीं। हाथ-पैर के टुकड़े धड़ से करीब 100 मीटर दूर पड़े थे। पूरे शरीर पर गंभीर चोटों और घसीटे जाने के निशान हैं। मृतक की उम्र लगभग 35-40 वर्ष बताई जा रही है। उसने पॉजिटिव लिखा काली टी-शर्ट और काली कैपरी पहन रखी है। जीआरपी की ओर से आसपास के लोगों को शव दिखाया गया, लेकिन अभी पहचान नहीं हो पाई है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस 72 घंटे तक शिनाख्त का प्रयास करेगी, इसके बाद पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story