गुरुग्राम: पुलिस ने जलभराव वाले इलाकों पर ड्रोन से कंट्रोल की ट्रैफिक

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: पुलिस ने जलभराव वाले इलाकों पर ड्रोन से कंट्रोल की ट्रैफिक


-हवाई निरीक्षण से संवेदनशील पॉइंट्स की पहचान, जाम से पहले ही संभाला ट्रैफिक

गुरुग्राम, 24 अगस्त (हि.स.)। गुरुग्राम में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को ड्रोन का सहारा लिया। जलभराव और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए पुलिस ने ड्रोन को अपनी तीसरी आंख बनाया और शहर के प्रमुख मार्गों व जलभराव वाले क्षेत्रों की हवाई निगरानी की।

पुलिस के अनुसार ड्रोन के माध्यम से जलभराव और यातायात की स्थिति का हवाई निरीक्षण किया गया। इससे उन संवेदनशील स्थानों की तुरंत पहचान हो सकी जहां पानी भरने से ट्रैफिक जाम होने की आशंका थी। ड्रोन से मिली लाइव जानकारी के आधार पर कंट्रोल रूम से ही फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावी तरीके से संभाला जा सका।

ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने जलभराव वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखते हुए यातायात का संचालन बनाए रखा। जहां-जहां पानी अधिक भरा था, वहां तुरंत बैरिकेडिंग कर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया। गुरुग्राम यातायात पुलिस ने बताया कि बारिश के दौरान जलभराव और यातायात की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। ड्रोन निगरानी से पुलिस को यह फायदा मिला कि जाम लगने से पहले ही स्थिति का आकलन कर लिया गया और समय रहते ट्रैफिक को मैनेज कर लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story