गुरुग्राम: टाइगर श्रॉफ पर हमले का विरोध करने वाले भीम सेना प्रमुख को मिली धमकी
-भीम सेना प्रमुख सतपाल तंवर की एक महीने के भीतर हत्या का ऐलान
-सतपाल तंवर बोले, उन्हें मरने से डर नहीं लगता
-तंवर की ओर से थाना सेक्टर-37 में दी गई शिकायत
गुरुग्राम, 23 अक्टूबर (हि.स.)। भीम सेना और संविधान सुरक्षा पार्टी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सतपाल तंवर को जान से मारने की धमकी मिली है। सतपाल तंवर ने लॉरेंस बिश्नोई और गोगी गैंग पर यह धमकी देने का आरोप लगाया है। एक महीने के भीतर गुरुग्राम में ही सामने से गोली मारकर हत्या करने की बात कही गई है। सतपाल तंवर की ओर से सेक्टर-37 पुलिस थाना में शिकायत दी गई है।
सतपाल तंवर की ओर से शिवानी तंवर द्वारा दी गई शिकायत में कहा गया कि 22 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2:59 बजे से लेकर रात तक सतपाल तंवर के आधिकारिक मोबाइल नंबर और फेसबुक पेज पर लगातार धमकियां भेजी गईं। अज्ञात बदमाशों ने व्हाट्सएप और की फेसबुक मैसेंजर के जरिए धमकी भरे संदेश और कई वॉयस कॉल भेजीं जोकि रिसीव नहीं की गईं। धमकी देने वालों ने संदेश में लॉरेंस ग्रुप, गोगी ग्रुप और केसी ब्रदर ग्रुप का नाम लेते हुए लिखा कि सतपाल तंवर ने लॉरेंस बिश्नोई के बारे में गलत बोला है, जिसकी सजा सिर्फ मौत है। शिकायत में कहा गया है कि सतपाल तंवर को यह धमकी मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ पर हमले का विरोध करने के बाद मिली है। अपने बयान में तंवर में सलमान खान को बड़ा भाई और टाइगर श्रॉफ को छोटा भाई बताया था और लॉरेंस बिश्नोई की आपराधिक गतिविधियों का विरोध किया था।
धमकी के संदेश में यह भी कहा गया कि तुझे इसी महीने के अंदर गोली मारूंगा...तू गुरुग्राम, हरियाणा में रहता है ना, तुझे वहीं मारूंगा, इंतजार कर तू। सतपाल तंवर ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके लिखा कि-मौत जिसकी महबूबा हो उसे मरने से डर नहीं लगता। भीम सेना ने थाना सेक्टर-37 गुरुग्राम के एसएचओ और पुलिस कमिश्नर को औपचारिक शिकायत भेजकर तुरंत एफआईआर दर्ज करने, आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने तथा सतपाल तंवर की सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की है। थाना सेक्टर-37 प्रभारी इंस्पेक्टर मंजीत ने बताया कि देर रात भीम सेना की तरफ से शिकायत मिली है। जल्द मुकदमा दर्ज करके मामले को क्राइम ब्रांच के पास भेजा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

