गुरुग्राम: मंदिर से चांदी के तीन छत्र चोरी, आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

-पुलिस ने घटना के 24 घंटे में ही आरोपी चोर को किया काबू

गुरुग्राम, 23 सितंबर (हि.स.)। फर्रखनगर क्षेत्र के गांव झांझरोला खेड़ा स्थित श्याम बाबा मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने 24 घंटे में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए तीन चांदी के छत्र बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान गांव कालियावास निवासी अमित कुमार (42) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 20/21 सितंबर की रात को एक व्यक्ति ने श्याम बाबा मंदिर से चांदी के छत्र चोरी कर लिए थे। इस संबंध में 21 सितंबर को शिकायत मिलने पर थाना फर्रुखनगर में मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच करते हुए फर्रुखनगर क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई की और 22 सितंबर को झांझरोला खेड़ा मोड़ से आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले एक कंपनी में काम करता था, लेकिन नौकरी छूटने के बाद वह परेशान रहने लगा था। इसी परेशानी के दौरान उसने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए तीनों चांदी के छत्र बरामद कर लिए हैं। मामले में पुलिस की ओर से नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story