गुरुग्राम: थार सवार युवक पर हमला कर सोने की चेन व नकदी लूटी

WhatsApp Channel Join Now

-पुलिस ने पांच नामजद व पांच अज्ञात लोगों पर दर्ज की एफआईआर

गुरुग्राम, 31 मई (हि.स.)। यहां सेक्टर-14 थाना क्षेत्र में थार गाड़ी सवार युवक पर कार रोककर हमला कर दिया गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर उससे सोने की चेन व नकदी लूट ले गए। जांच अधिकारी मुख्य सिपाही (हेड कांस्टेबल) मैनपाल ने रविवार को बताया कि पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने पांच नामजद समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

पीडि़त युवक विकास पुत्र कुलदीप सिंह निवासी राजीव नगर गुरुग्राम ने पुलिस को शिकायत दी। जिसमें बताया कि 29 मई की रात करीब सवा 10 बजे वह अपनी थार गाड़ी में सवार होकर सेक्टर-14 से राजीव नगर अपने घर लौट रहा था। गाड़ी साहिल चला रहा था और वह (विकास) आगे वाली सीट पर बैठा था। जब वे न्यू माता रोड पर नोकिया केयर के पास पहुंचे तो पीछे से एक बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो, एक बाइक और बोलेरो में सवार युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। ट्रैफिक ज्यादा होने के कारण जैसे ही उनकी थार गाड़ी रुकी तो आरोपियों ने उसकी गाड़ी में पीछे से टक्कर मार दी। विकास के अनुसार, जैसे ही वह गाड़ी से नीचे उतरा तो स्कॉर्पियो और बोलेरो से उतरे भारत पुत्र ब्रह्म निवासी राजीव नगर, अवनेश पुत्र विनोद राघव निवासी खांडसा, अंशुल डागी, पप्पू, राज और 4-5 अन्य युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से लात-घूंसे, थप्पड़ और मुक्कों से हमला किया। एक युवक ने उसके सिर पर लगातार कई वार किए। बोतल से उसके सिर पर हमला किया। हमले में विकास के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। सिर में गहरा घाव हो गया और अधिक खून बहने से वह बेहोश होकर गिर पड़ा। आरोप है कि बेहोशी की हालत में भी आरोपियों ने मारपीट जारी रखी और उसे मरा समझकर छोडक़र फरार हो गए। होश आने पर पता चला कि विकास के गले से करीब पांच तोले की सोने की चेन और थार में रखे 15 हजार रुपये भी गायब थे। पीडि़त विकास के भाई नरेंद्र और साहिल ने उसे मणिपाल अस्पताल पालम विहार में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने सिर की सर्जरी की। इस घटना की सूचना पाकर पुलिस अस्पताल पहुंची। विकास की हालत में सुधार होने पर उसके बयान दर्ज किए गए। जांच अधिकारी मुख्य सिपाही (हेड कांस्टेबल) मैनपाल ने रविवार को बताया कि सेक्टर-14 पुलिस थाना में भारत, अवनेश, अंशुल डागी, पप्पू और राज व पांच अन्य युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story