गुरुग्राम: शिक्षक की पत्नी की बेरहमी से हत्या, बाथरूम में मिली लाश

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: शिक्षक की पत्नी की बेरहमी से हत्या, बाथरूम में मिली लाश


-हाथ बंधे मिले, मुंह पर टेप चिपका रखी थी

गुरुग्राम, 17 अक्टूबर (हि.स.)। सोहना खंड के दौला गांव में शनिवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। घर के अंदर 35 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला के हाथ पीछे रस्सी से बंधे थे और मुंह पर खाकी रंग की पैकिंग टेप की कई परतें चिपकी हुई थीं। शव घर के पिछले हिस्से में बने बाथरूम में मिला।घर का सामान बिखरा पड़ा था, जिससे शुरुआती तौर पर इसे लूट के दौरान हत्या का मामला माना जा रहा है। मृतका की पहचान नीतू (35) के रूप में हुई है। उनके पति प्रशांत सोहना के पास स्थित आदर्श स्कूल में शिक्षक हैं। पति प्रशांत के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे वह अपने तीनों बच्चों को लेकर स्कूल गए थे। दोपहर करीब तीन बजे जब वह बच्चों के साथ घर लौटे तो घर का सामान बिखरा हुआ था। पत्नी कमरे में नहीं दिखी तो तलाश शुरू की। तलाश के दौरान नीतू बाथरूम में अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। उन्हें तुरंत सोहना के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। सूचना मिलते ही सोहना के एसीपी मुकेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। बताया जा रहा है कि फुटेज में सुबह के समय गली में संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक महीने में गांव में चोरी की सात घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीण नीतू की हत्या को भी चोरी से जोडक़र देख रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। प्रशांत और नीतू की शादी करीब 17 साल पहले हुई थी। उनके दो बेटियां और एक बेटा है। बड़ा बेटा 11वीं कक्षा में पढ़ता है, जबकि छोटी बेटी दूसरी कक्षा में है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762506 Articles

Share this story