गुरुग्राम: लोगों ने बिजली कटौती के विरोध में आधी रात को एसपीआर रोड किया जाम
-सनसिटी एवेन्यू के लोगों के सब्र का बांध टूटा
-मैनेजर के इस्तीफे और निर्बाध बिजली की मांग, पुलिस के आश्वासन के बाद खुला जाम
गुरुग्राम, 02 अगस्त (हि.स.)। गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान होकर सेक्टर-76 स्थित सनसिटी एवेन्यू सोसाइटी के निवासी आधी रात को सडक़ पर उतर आए। लोगों ने साउथ पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
जाम लगा रहे लोगों ने कहा कि सनसिटी सोसाइटी में पिछले कई सप्ताह से रोजाना घंटों तक अघोषित बिजली कटौती हो रही है। इससे बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों की सेहत और वर्क फ्रॉम होम करने वाले लोगों का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लोगों ने कहा कि बार-बार लिखित शिकायत देने के बावजूद सोसाइटी प्रबंधन और मैनेजर समस्या को लेकर उदासीन हैं। आक्रोशित लोगों ने मैनेजर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की। एसपीआर सडक़ गुरुग्राम की सबसे व्यस्त सडक़ों में से एक है। रात में मुख्य सडक़ ब्लॉक होने के कारण दोनों तरफ कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सडक़ पर भारी ट्रकों की आवाजाही भी बाधित हुई, जिससे पुलिस को जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सूचना मिलते ही एसपीआर चौकी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग सोसाइटी मैनेजर को हटाने और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लिखित आश्वासन मांगने पर अड़े रहे। आखिरकार पुलिस और बिजली निगम के अधिकारियों द्वारा सोसाइटी प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बिजली संकट को जल्द दूर करने का पुख्ता आश्वासन देने के बाद निवासी माने और जाम खोला गया। प्रशासन ने यातायात बहाल करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

