गुरुग्राम: युवक के आत्महत्या मामले में दो साल बाद छह लोगों पर केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

पत्नी व ससुराल पक्ष से परेशान होकर की थी आत्महत्या

-युवक ने मेट्रो के आगे कूदकर दी थी जान

गुरुग्राम, 22 सितंबर (हि.स.)। मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन पर पत्नी और ससुराल पक्ष की कथित प्रताडऩा से परेशान होकर मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर जान देने वाले युवक के मामले में करीब दो साल बाद केस दर्ज हुआ है।

घटना 25 सितंबर 2024 की है। मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन पर शिवपुरी निवासी सुशांत कामरा ने मेट्रो ट्रेन के सामने छलांग लगा दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना पर मेट्रो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया था। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस स्तर पर कार्रवाई न होने पर मृतक के पिता अजय मार ने अदालत में याचिका दायर की।

अदालत के आदेश पर अब पुलिस ने मृतक की पत्नी पूजा खन्ना समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों को नामजद किया है। अन्य आरोपियों में साहिल खन्ना, प्रवीण खन्ना, सुनीता खन्ना, सलोनी खन्ना और रवि खन्ना शामिल हैं। मेट्रो थाना प्रभारी के अनुसार, सभी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और सामूहिक कृत्य से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story