गुरुग्राम: 30 हजार रुपये रिश्वत लेते एडिशनल एसएचओ रंगे हाथ गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now


-शिकायत का निपटारा करने के बदले मांगे थे दो लाख, 60 हजार में सौदा हुआ था तय

-शिवाजी नगर थाने में तैनात थे सब-इंस्पेक्टर नरपाल सिंह

गुरुग्राम, 22 नवंबर (हि.स.)। शिवाजी नगर थाने में तैनात एडिशनल एसएचओ सब-इंस्पेक्टर नरपाल सिंह को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की गुरुग्राम टीम ने 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सब-इंस्पेक्टर ने एक शिकायत का निपटारा करने और शिकायतकर्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं करने की एवज में दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। सौदा 60 हजार रुपये में तय हुआ और रविवार को रिश्वत के 60 हजार की आधी पहली किस्त के 30 हजार रुपये लेते ही एसीबी की टीम ने उसे रंग हाथ पकड़ा।

एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि भूपेंद्र द्वारा उसके खिलाफ शिवाजी नगर थाने में शिकायत दी गई थी। इस मामले में सब इंस्पेक्टर नरपाल सिंह उस पर भूपेंद्र और अरसद दोनों को नाजायज पैसे देने का दबाव बना रहा था। पैसे नहीं देने पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी जा रही थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मामले को रफा-दफा करने के नाम पर सब इंस्पेक्टर ने दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद 60 हजार रुपये में सहमति बनी। शिकायतकर्ता के पास 30 हजार रुपये की ही व्यवस्था होने पर पहली किस्त देने का निर्णय हुआ। शिकायत मिलने के बाद एसीबी गुरुग्राम की टीम ने जाल बिछाया। निर्धारित योजना के तहत जैसे ही नरपाल सिंह ने शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पकडऩे के दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में धर्मेंद्र कुमार, एसडीओ डीएचबीएनवीएल मौजूद रहे। एसीबी ने आरोपी सब इंस्पेक्टर नरपाल सिंह के खिलाफ एसीबी थाने में केस दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781611 Articles

Share this story