गुरुग्राम: एसटीएफ ने गैंगस्टर दीपक नांदल का शूटर निलेश एनकाउंटर में दबोचा
-आरोपी ने फैशन डिजायनर के शोरूम पर की थी फायरिंग
गुरुग्राम, 14 अप्रैल (हि.स.)। यहां के एक फैशन डिजायनर मयंक चावला के शोरूम पर फायरिंग करने के आरोपी दीपक नांदल गैंग के शूटर निलेश ढीला को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एनकाउंटर में दबोचा। उसके पांव में पुलिस की गोली लगी और फिर उसे काबू कर लिया गया।सोनीपत के जाजल गांव के रहने वाले शूटर निलेश ढीला को एसटीएफ ने जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया है। फायरिंग के संबंध में डीएलएफ थाना फेज-1 में केस दर्ज है। एसटीएफ अधिकारियों की ओर से जानकारी दी गई कि दीपक नांदल गैंग गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में सक्रिय है। वह फायरिंग, रंगदारी व और कई अपराधिक वारदातों में संलिप्त रहा है। एसटीएफ को मंगलवार की अलसुबह नीलेश ढीला के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। बताया गया कि फरीदाबाद रोड स्थित बंधवाड़ी फ्लाईओवर के पास एक शूटर है। इस सूचना पर जब एसटीएफ टीम उसे काबू करने पहुंची तो सामने से फायरिंग शुरू कर दी गई। नीलेश द्वारा की गई फायरिंग में एक गोली एसटीएफ के एसआई विवेक की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। एक गोली पीएसआई विकास के बुलेट प्रुफ जैकट पर जा लगी। हालांकि उन्हें किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ। आरोपी द्वारा चार राउंड फायर किए गए थे। बचाव में एसटीएफ की टीम ने भी फायरिंग की। इस दौरान निलेश ढीला के पैर में गोली लग गई। एसटीएफ ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
दीपक नांदल गैंग के सदस्य निलेश ढीला ने 20 फरवरी 2026 को फैशन डिजाइनर मयंक चावला के शोरूम पर फायरिंग की थी। मयंक चावला के शोरूम पर फायरिंग के बाद विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जिम्मेदारी ली थी। इस आरोप में पुलिस को उसके गैंग के सदस्यों की तलाश थी। निलेश की गिरफ्तारी से दीपक नांदल गैंग की अनेक योजनाओं का खुलासा पुलिस पूछताछ में हो सकता है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने पर पुलिस उसकी गिरफ्तारी करेगी। फायरिंग के इस मामले में निलेश ढीला पांचवां आरोपी है। एसटीएफ अब से पहले बहादुरगढ़ निवासी तीन शूटर्स व गुरुग्राम से एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में सामने आया कि रंगदारी की नीयत से यह फायरिंग की गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

